केंद्रीय राज्य मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान ने रविवार को भारतीय किसान इंटर कॉलेज नंगला मंदौड़ में खेल स्टेडियम का शिलान्यास किया। कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए जिले का दूसरा खेल स्टेडियम बनाया जा रहा है।
रविवार को आयोजित सभा में केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि जिला मुजफ्फरनगर क्राइम कैपिटल के नाम से जाना जाता था। भाजपा की सरकार ने ही क्राइम कैपिटल से बदलकर विकास की ओर ले जाने का काम किया है। आज जिला मुजफ्फरनगर में सभी प्रदेशों के व्यापारी भी अपनी इंडस्ट्री लगा रहे हैं। यह सब भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार के कारण ही संभव हो पाया है। उन्होंने भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनहित की योजनाओं को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि जिले में खिलाड़ियों के लिए एक ही स्टेडियम है, जबकि दूसरा स्टेडियम क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों की जरूरतों को देखते हुए भारतीय किसान इंटर कॉलेज में बनाया जा रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉक्टर वीरपाल निर्वाल ने कहा कि प्रदेश का विकास भाजपा की सरकार के कारण ही संभव हो पाया है। कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख नरेंद्र सिंह, कॉलेज के प्रबंधक नरेंद्र सिंह मलिक, अध्यक्ष उदयवीर सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ब्रजवीर सिंह, नजर सिंह गुर्जर, पूर्व चेयरमैन यनेश तंवर, प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार, प्रधान राजकुमार सैनी सुरेंद्र सिंह, राजू प्रधान, धर्मपाल सिंह, सरदार रणधावा सिंह, पवन अहलावत, जयवीर सिंह आदि मौजद रहे। संचालन डॉक्टर नीरज कुमार ने किया ।
मंत्री बोले शहीद स्मारक बनाए
केंद्रीय मंत्री ने स्टेडियम में 2013 में दंगों में मरने वाले व्यक्तियों के लिए शहीद स्मारक बनाने की बात स्कूल समिति से की। उन्होंने कहा कि नंगला मंदौड़ इंटर कॉलेज वर्ष 2013 की घटना को याद दिलाता है।
रालोद नेता ब्रजवीर सहित कई भाजपा में शामिल
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान ने राष्ट्रीय लोक दल के नेता चौधरी ब्रजवीर सिंह, पूर्व क्षेत्रीय महासचिव जयवीर ठकरान, अखिल भारतीय जाप्रमहासभा के युवा जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह सहित एक दर्जन कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई।